मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, सावन के पहले सोमवार पर जगमगाया शहर
श्रावण मास के प्रथम सोमवार की शाम मुजफ्फरनगर का ऐतिहासिक शिव चौक लाखों कांवड़ियों की आवाजाही और भव्य आरती से भक्तिमय हो उठा।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो रिपोर्ट:-
श्रावण मास के प्रथम सोमवार की शाम उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित ऐतिहासिक शिव चौक पर लाखों शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार और गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की आवाजाही से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। देर रात तक "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से शिव चौक गूंजता रहा।
विभिन्न राज्यों से आ रहे कांवड़ियों के लिए मुजफ्फरनगर का यह प्रमुख मार्ग आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचीं विशाल झांकी कांवड़ें और हाईटेक डीजे कांवड़ श्रद्धालुओं के विशेष ध्यान का केंद्र रहीं। इन कांवड़ों में रंग-बिरंगी लाइटों और भगवान शिव के विविध स्वरूपों का प्रदर्शन किया गया था।
सोमवार शाम को आयोजित विशेष आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शंखनाद, घंटियों की गूंज और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना की। स्थानीय निवासियों ने भी अपने परिवारों के साथ शिव चौक पहुंचकर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों और हाईमास्ट की दूधिया रोशनी से नहाए शिव चौक का दृश्य देर रात तक भव्य बना रहा। स्थानीय लोगों ने भव्य झांकियों और सजावटी कांवड़ों के दृश्यों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। जैसे-जैसे रात गहराती गई, क्षेत्र में श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता दिखा।
कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शिव चौक पर मुस्तैद नजर आए। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर शिव चौक और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि जलाभिषेक की तिथियां नजदीक आने के साथ मुजफ्फरनगर से गुजरने वाले शिवभक्तों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, निगरानी और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
लेखक




टिप्पणियाँ
0