नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मतदाता पुनरीक्षण शुरू, पहले दिन 5,600 से ज्यादा नए आवेदन मिले
गौतमबुद्ध नगर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के पहले दिन तीनों विधानसभा क्षेत्रों से 8,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
गौतमबुद्ध नगर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को आयोजित पहले विशेष शिविर में लोगों की खासी भागीदारी देखने को मिली। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले की तीन विधानसभा सीटों पर नए मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए कुल 5,603 आवेदन प्राप्त हुए। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और मौजूदा विवरणों को त्रुटिरहित बनाना है।
प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को तीनों विधानसभा क्षेत्रों से विभिन्न प्रपत्रों के तहत कुल 8,589 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मतदाता सूची में नया नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 के 5,603 आवेदन और प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए का एक आवेदन शामिल है। इसके अतिरिक्त नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 670 और पते में बदलाव अथवा संशोधन के लिए फॉर्म-8 के 2,315 आवेदन दर्ज किए गए।
विधानसभावार आंकड़ों की बात करें तो नए मतदाताओं के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-6 के आवेदनों में दादरी विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 2,532 आवेदन प्राप्त हुए। नोएडा विधानसभा क्षेत्र से 1,980 और जेवर से 1,091 आवेदन आए, जबकि प्रवासी मतदाता का एकमात्र फॉर्म-6ए नोएडा से भरा गया। वहीं, नाम हटवाने के लिए दादरी में सबसे अधिक 401, नोएडा में 207 और जेवर में 62 आवेदन मिले। पते में बदलाव और सुधार के लिए नोएडा में 1,233, दादरी में 1,009 और जेवर में 73 फॉर्म-8 जमा किए गए।
यह विशेष अभियान नोएडा (61), दादरी (62) और जेवर (63) विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित किया गया। मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी और अन्य नामित अधिकारी नागरिकों की सहायता और आवेदन प्राप्त करने के लिए उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी (सदर) आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पहले विशेष अभियान को लेकर तीनों क्षेत्रों में उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और इसका लक्ष्य हर पात्र नागरिक को मताधिकार से जोड़ना है।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए तीन और विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। उपजिलाधिकारी के अनुसार, 22, 28 और 29 नवंबर को दोबारा मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां बीएलओ मौजूद रहकर सहायता प्रदान करेंगे। मतदान केंद्रों के अलावा नागरिक ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप या भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिले के सभी निवासियों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि सूची में कोई संशोधन कराना हो या नया नाम जुड़वाना हो, तो वे आने वाले विशेष शिविरों और ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर समय पर आवेदन करें।
लेखक




टिप्पणियाँ
0