ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय में रविवार को होगी मॉक ड्रिल, आपात स्थिति से निपटने की परखी जाएगी तैयारी
गौतम बुद्ध नगर प्रशासन रविवार शाम शारदा विश्वविद्यालय में एयर-रेड, रेड अलर्ट और ब्लैकआउट का अभ्यास कर राहत-बचाव तंत्र को परखेगा।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन रविवार शाम ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में एक वृहद नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करेगा। इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों और उनके आपसी समन्वय को परखना है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ओंकार चतुर्वेदी के अनुसार, इस मॉक ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी, रेड अलर्ट जारी होने, पूर्ण ब्लैकआउट और क्षतिग्रस्त ढांचों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने जैसी स्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कवायद का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक आपातकाल के समय राहत और बचाव कार्य बिना किसी रुकावट के त्वरित गति से पूरे किए जा सकें।
शाम 6 बजे शुरू होने वाले इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत और परिवहन विभाग के साथ-साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगी। इसके अलावा एनसीसी कैडेट्स, सिविल डिफेंस वार्डन और अन्य स्वयंसेवकों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ राहत व बचाव की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था को परखेगा, जबकि पुलिस पर कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण का जिम्मा होगा।
अग्निशमन विभाग आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास करेगा, जबकि विद्युत विभाग ब्लैकआउट लागू करने और बिजली आपूर्ति की बहाली की प्रक्रिया को अंजाम देगा। लोक निर्माण विभाग को मलबा हटाने और सुरक्षित रास्ते सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है, जिससे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न आए।
प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे पर्याप्त मानव संसाधन, उपकरण और वाहन तैनात रखें। कंट्रोल रूम से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए नामित और वैकल्पिक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
स्थानीय नागरिकों में किसी भी प्रकार के भ्रम या घबराहट को रोकने के लिए केवल अधिकृत सूचनाएं ही प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा विशेषज्ञ ने स्पष्ट किया कि अभ्यास से जुड़े संदेशों को स्पष्ट रूप से संप्रेषित किया जाए, ताकि आम लोग इसे वास्तविक आपातकाल न समझें।
लेखक




टिप्पणियाँ
0