गाजियाबाद में प्रदूषण से आंशिक राहत, एक्यूआई घटकर 206 हुआ
गाजियाबाद में शनिवार को वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज हुआ, जबकि पड़ोसी शहर नोएडा में प्रदूषण का स्तर और बढ़ गया।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गाजियाबाद के लोगों को शनिवार को प्रदूषण से हल्की राहत मिली। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुधरकर 206 पर आ गया, जो गुरुवार को 232 और शुक्रवार को 234 दर्ज किया गया था। हालांकि, यह सूचकांक अभी भी 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है, लेकिन पड़ोसी शहर नोएडा की तुलना में स्थिति कुछ बेहतर रही।
गाजियाबाद में कुल नौ निगरानी केंद्रों के आंकड़े जारी किए गए, जिनमें हवा की गुणवत्ता अलग-अलग स्तरों पर पाई गई। गोविंदपुरम केंद्र पर हवा सबसे साफ रही, जहां 84 एक्यूआई के साथ स्थिति 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज हुई। इसके अलावा संजय नगर में 187 एक्यूआई के साथ हवा 'मध्यम' रही, जबकि डासना देहात में 216 एक्यूआई दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
शहर के ट्रांस-हिंडन इलाके में वसुंधरा सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 248 रहा। इसी क्षेत्र के इंदिरापुरम और वेव सिटी में सूचकांक 232 दर्ज हुआ और यह दोनों इलाके भी 'खराब' श्रेणी में रहे। वहीं लोनी इलाके के लोनी स्टेशन पर 191 का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहा, जबकि लोनी तहसील में 217 और वेद विहार में 245 दर्ज किया गया।
गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में जहां सुधार देखा गया, वहीं नोएडा में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ गया। नोएडा के सेक्टर 62 में एक्यूआई 336 तक पहुंच गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज हुआ। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर 39 में 274, सेक्टर 125 में 242 और सेक्टर 116 में 208 एक्यूआई दर्ज किया गया।
ग्रेटर नोएडा के ज्यादातर निगरानी केंद्रों पर हवा 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही। वहां केवल जीबी यूनिवर्सिटी केंद्र पर एक्यूआई 248 के साथ 'खराब' श्रेणी में पहुंचा, जबकि शिव नादर यूनिवर्सिटी में 111 और घोड़ी बछेड़ा में 133 एक्यूआई दर्ज किया गया।
इस महीने के वायु गुणवत्ता आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद में अब तक पांच दिन 'बेहद खराब', 13 दिन 'खराब' और केवल एक दिन 'मध्यम' श्रेणी में रहा है। इससे पहले अक्टूबर के महीने में शहर में दो दिन वायु गुणवत्ता संतोषजनक और 14 दिन मध्यम रही थी, जबकि बाकी के दिन खराब श्रेणी में दर्ज किए गए थे।
लेखक




टिप्पणियाँ
0