फर्जी एपीके एप से 20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय छापेमारी में 22 आरोपियों को दबोचा
बैंक और बिजली विभाग के अधिकारी बनकर लोगों के फोन में दुर्भावनापूर्ण एप डाउनलोड कराने वाले 11 गिरोहों का पुलिस ने किया पर्दाफाश।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
दिल्ली पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में एक बड़ा अभियान चलाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी में शामिल 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी 11 अलग-अलग गिरोहों से जुड़े हैं, जिन्होंने 22,000 से अधिक नागरिकों को अपना निशाना बनाया। इस गिरोह में दुर्भावनापूर्ण एंड्रॉइड एप्लिकेशन (एपीके) तैयार करने वाले डेवलपर और डिस्ट्रीब्यूटर भी शामिल हैं।
पश्चिमी जिला साइबर पुलिस के नेतृत्व में 64 पुलिसकर्मियों की सात टीमों ने 11 से 15 नवंबर के बीच 17 ठिकानों पर छापेमारी की। यह पांच दिवसीय कार्रवाई झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में चलाई गई। पुलिस ने जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह, जमुई, नालंदा, कोलकाता, आसनसोल और गोरखपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में दबिश देकर इन आरोपियों को दबोचा।
पुलिस की यह कार्रवाई नेशनल साइबरक्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज 1,000 से अधिक शिकायतों, 20 ई-एफआईआर और 32 संदेहास्पद एपीके फाइलों के विश्लेषण के बाद शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप के जरिए पीड़ितों से संपर्क साधते थे। वे खुद को बैंक, बिजली विभाग या अन्य उपयोगिता सेवाओं का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे।
आरोपी केवाईसी अपडेट, जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन, क्रेडिट कार्ड जारी करने, बिजली बिल भुगतान या क्रेडिट लिमिट बढ़ाने में मदद का झांसा देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को अपने मोबाइल फोन में एक एपीके फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए राजी कर लेते थे। पुलिस ने बताया कि फोन में यह एप डलते ही आरोपियों को पीड़ित के फोन के मैसेज, कॉल, फोटो और बैंकिंग विवरण का पूरा एक्सेस मिल जाता था, जिसके बाद वे खातों से रकम उड़ा लेते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है, जिनमें महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। इसके अलावा गिरोह के नेटवर्क से जुड़े 56 से अधिक टेलीग्राम प्रोफाइल की भी विस्तृत जांच की गई है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से सीधे तौर पर 2,000 से अधिक एनसीआरपी शिकायतें जुड़ी हुई हैं। जांच में एपीके डेवलपर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स का एक बड़ा संगठित जाल सामने आया है। उपायुक्त के अनुसार इस कार्रवाई के बाद दिल्ली में एपीके आधारित शिकायतों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जो 2-10 नवंबर के बीच 1,406 से घटकर 11-17 नवंबर के दौरान 724 रह गईं, यानी इसमें करीब 49 फीसदी की कमी आई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सिंडिकेट में शामिल अन्य फरार सदस्यों की पहचान करने और ठगी गई रकम के लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0