गाजियाबाद के लोनी में चाऊमीन की दुकान पर खड़े युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया जाम
लोनी के चिरौड़ी गांव में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने युवक के सीने में मारीं तीन गोलियां, जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित चिरौड़ी गांव में गुरुवार रात बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू पुत्र मुस्तकीम के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब युवक गांव में स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर चाऊमीन की दुकान के पास खड़ा था।
घटना रात करीब आठ बजे की है जब बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने सोनू पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सोनू के सीने में तीन गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल सोनू के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सोनू गांव के मेडिकल स्टोर पर काम करता था और साथ ही डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता मुस्तकीम किसान हैं और बंटाई पर खेती करते हैं। परिवार में सोनू के अलावा चार भाई और चार बहनें हैं। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
हत्याकांड से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रात करीब साढ़े 10 बजे चिरौड़ी-बंथला मार्ग पर जाम लगा दिया। मृतक के चाचा वकील ने चाऊमीन दुकानदार पर साजिश में शामिल होने का शक जताया और आरोप लगाया कि सोनू को वहां बुलाकर गोली मारी गई है। उन्होंने पुलिस से दुकानदार से पूछताछ करने की मांग की।
सूचना मिलते ही एसीपी लोनी राम किशन राना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाने की कोशिश की। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लेखक



टिप्पणियाँ
0