दिल्ली पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय हेरोइन सिंडिकेट, 60 करोड़ की ड्रग्स के साथ सात तस्कर गिरफ्तार
रोहिणी जिला पुलिस ने झारखंड से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक फैले ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर 8.128 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।

रोहिणी जिला पुलिस ने झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाके से संचालित हो रहे एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.128 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ रुपये है।
रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल ने बताया कि इस नेटवर्क की जड़ें झारखंड के चतरा जिले में हो रही अवैध अफीम की खेती से जुड़ी थीं। चतरा निवासी प्रकाश कुमार अपनी जमीन पर अफीम उगाता था और वहां से कच्ची अफीम की आपूर्ति उत्तर प्रदेश में की जाती थी। इसके बाद यूपी में इसे हेरोइन में तब्दील कर दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों में खपाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का खुलासा 16 सितंबर को शुरू हुआ जब बेगमपुर इलाके से लक्ष्मण हुड्डा को पकड़ा गया। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। लक्ष्मण से हुई पूछताछ के आधार पर अगले ही दिन हरियाणा के सोनीपत से अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 501 ग्राम हेरोइन मिली।
इन दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस की टीम लखनऊ के जानकीपुरम पहुंची। वहां चल रही हेरोइन बनाने की एक अवैध फैक्टरी पर छापा मारकर 6.275 किलोग्राम तैयार हेरोइन, रसायन और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से बबलू को गिरफ्तार किया, जबकि इकाई के मालिक रुकसार अली उर्फ राजू को बाद में पकड़ा गया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर बरेली में छापेमारी की और अजाज अहमद को दबोच लिया। अजाज रुकसार अली को कच्ची अफीम की आपूर्ति करता था और उसके पास से 501 ग्राम हेरोइन व एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसके बाद बदायूं से मोहम्मद अजहर को 551 ग्राम हेरोइन, 9.81 लाख रुपये नकद और एक कार के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद अजहर ही अजाज अहमद को अफीम और हेरोइन उपलब्ध कराता था। इस पूरे अभियान के दौरान कुल 8.128 किलोग्राम हेरोइन के अलावा 12.81 लाख रुपये नकद और तीन वाहन जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई से झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में फैली नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला टूट गई है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0