त्योहारों से पहले दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 322 किलो से अधिक संदिग्ध घी जब्त
सोशल मीडिया पर भारी छूट का प्रचार कर रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने कई खाद्य उत्पादों के नमूने लिए।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में संदिग्ध गुणवत्ता और कीमतों के आधार पर 322 किलोग्राम से अधिक घी जब्त किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर भारी छूट का विज्ञापन देकर सामान बेचने वाली दुकानों के निरीक्षण के दौरान की गई।
विभाग ने 'बाय वन, गेट वन फ्री' और 60 फीसदी तक की छूट देने का दावा करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना और मिलावटी, घटिया, एक्सपायर या गलत लेबल वाले उत्पादों की बिक्री को रोकना है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि सरकार खाद्य पदार्थों में मिलावट या जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया कि वे खाद्य उत्पाद खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण और एक्सपायरी तिथि की अनिवार्य रूप से जांच करें।
जांच के दौरान अधिकारियों ने विकासपुरी स्थित मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर से विभिन्न ब्रांडों के घी के पांच और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच प्रवर्तन नमूने एकत्र किए। यहां से 75.50 लीटर से अधिक घी को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा हस्तिसाल गांव में स्थित अग्रवाल स्टोर पर टीम ने 'श्री शान', 'वृंदा फार्म्स' और 'अवतार' ब्रांड के घी के तीन नमूने लिए और 246 किलोग्राम घी जब्त किया। विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद इन निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह की अन्य जांच में आज़ाद मार्केट स्थित साहिब संस (विकॉन इंटरनेशनल) से संदिग्ध लेबलिंग अनियमितताओं के चलते शुगर-बॉइल्ड कन्फेक्शनरी के दो नमूने लिए गए। वहीं लाजपत नगर के जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के नमूने एकत्र किए गए।
अधिकारियों ने रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से बिस्कुट की दो किस्मों, सॉफ्ट कैंडी और शुगर-बेस्ड कैंडी के नमूने भी लिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि निरीक्षण किए गए प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन दर्ज किए गए हैं और इस संबंध में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लेखक



टिप्पणियाँ
0